सांगली में 1.75 करोड़ रुपये कीमत का गांजा और कंटेनर लॉरी जब्त
मुंबई, 20 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के सांगली जिले में लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने गुरुवार को मलगांव के पास मिरज-पंढरपुर हाईवे पर तनांग फाटा में एक कंटेनर लॉरी से 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजा और कंटेनर की कीमत 1.75 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने लॉरी चालक को गिरफ्तार किया है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि सांगली जिले के एलसीबी टीम को तनांग फाटा के पास ड्रग सहित कंटेनर आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने तनांग फाटा पर निगरानी रखी थी। जैसे ही संदिग्ध कंटेनर आते हुए दिखा पुलिस ने कंटेनर को रोका। तलाशी के दौरान कंटेनर में से 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजे और परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर लॉरी की कुल कीमत 1 करोड़ 75 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा ले जाने के आरोप में लॉरी चालक मंगेश प्रकाश मोरे (46) को गिरफ्तार किया है। मोरे सतारा जिले के कोरेगांव का निवासी बताया गया है। पुलिस गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

