home page

मुंबई में सरकारी जमीन पर चल रहे हैं 164 अवैध स्कूल : किरीट सोमैया

 | 

मुंबई, 19 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने रविवार को आरोप लगाते हुए कहा कि मुंबई के मुसलिम बहुल इलाकों में 164 बिना इजाज़त वाले स्कूल चलाए जा रहे हैं। किरीट सोमैया ने दावा किया कि यह सभी अवैध स्कूल गोवंडी, मलाड और कुर्ला इलाकों चलाए जा रहे हैं।

सोमैया ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुंबई में 'जमीन माफिया' पिछले 15 से 20 सालों से एक्टिव हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका काम करने का तरीका पहले ज़मीन हड़पना और फिर बिना इजाज़त उस पर प्राइवेट स्कूल शुरू करना था। उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा, मुंबई में सिर्फ 'लैंड जिहाद' ही नहीं, बल्कि अब 'स्कूल जिहाद' भी शुरू हो गया है। गोवंडी में 65, मलाड में 25 और कुर्ला में 12 बिना इजाज़त के मुसलमान स्कूल चला रहे हैं। खास बात यह है कि कुछ जगहों पर इन स्कूलों को मस्जिद में बदलने और वहां जिहाद फैलाने का काम किया जा रहा है।

सोमैया ने कहा है कि इन स्कूलों का इस्तेमाल पिछले 15 सालों से मुंबई में आने वाले गैर-कानूनी बांग्लादेशी इमिग्रेंट्स को ठहराने और अपना नेटवर्क बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह मुंबई नगर निगम में सालों से चल रहे करप्शन का नतीजा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मामले में होम डिपार्टमेंट और एजुकेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों के साथ कई मीटिंग की हैं। एजुकेशन डिपार्टमेंट ने इन शिकायतों पर ध्यान दिया है, जांच पूरी की है और रिपोर्ट सौंपी है। सोमैया ने कहा कि इन अवैध स्कूलों पर प्रशासन की ओर से अगले सप्ताह से कार्रवाई शुरु करने का आश्वासन उन्हें अधिकारियों ने दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव