मुंबई में 13 साल से फरार चोरी की आरोपित महिला रायगढ़ से गिरफ्तार
मुंबई, 05 अगस्त (हि.स.)। कोलाबा पुलिस ने वर्ष 2013 में दर्ज घर में चोरी के एक मामले में 13 वर्षों से फरार चल रही महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मंजुला प्रमोद सर्वे के रूप में हुई है। मामले की जांच कोलाबा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
जांच अधिकारी ने बुधवार को बताया कि कोलाबा पुलिस लंबे समय से फरार आरोपितों की तलाश के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में वर्ष 2013 के घर में चोरी के मामले में वांछित मंजुला प्रमोद सर्वे की तलाश की जा रही थी।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि आरोपित रायगढ़ जिले के मानगांव तहसील स्थित निजामपुर क्षेत्र के बौद्धवाड़ी गांव में छिपकर रह रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद कोलाबा पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मंगलवार देर रात छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

