महाराष्ट्र के 12 जिलों में एसआईआर के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म का 100 फीसदी वितरण पूरा
मुंबई, 08 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के 12 जिलों में मतदाता-विशिष्ट एन्यूमरेशन फॉर्म (एसआईआर) का 100 प्रतिशत वितरण पूरा हो गया है। मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत शनिवार तक इन जिलों ने सभी मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचा दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 100 प्रतिशत वितरण पूरा करने वाले जिलों में वर्धा, यवतमाल, बुलढाणा, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, हिंगोली, परभणी, अहमदनगर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और जलगांव शामिल हैं। एसआईआर के तहत एन्यूमरेशन की प्रक्रिया 30 जून से 17 अगस्त तक चल रही है। राज्य में अब तक 9,54,77,119 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल 9,78,54,049 मतदाताओं का 97.55 प्रतिशत है। इनमें से 7,49,95,143 फॉर्म यानी 76.64 प्रतिशत का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है। जलगांव में सभी मतदाताओं को कवर करते हुए 35,52,198 फॉर्म वितरित किए गए हैं, जबकि बुलढाणा में 20,89,965 मतदाताओं के बीच शत-प्रतिशत वितरण पूरा हुआ है। डिजिटाइजेशन के मामले में हिंगोली इन 12 जिलों में सबसे आगे है, जहां 91.11 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इसके बाद बुलढाणा 90.36 प्रतिशत, रत्नागिरी 90.01 प्रतिशत और गढ़चिरौली 88.95 प्रतिशत के साथ आगे हैं। राज्य के अन्य प्रमुख जिलों में नागपुर में 92.85 प्रतिशत, ठाणे में 90.37 प्रतिशत और मुंबई उपनगर में 93.10 प्रतिशत फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, मुंबई शहर में वितरण का आंकड़ा 98.70 प्रतिशत है।
मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, राज्यभर में चल रही इस प्रक्रिया में कुल 1,00,253 बूथ लेवल ऑफिसर शामिल हैं। संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर, जिला चुनाव अधिकारियों की मंजूरी से बीएलओ की नियुक्ति करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

