सांगली में 11 पिस्तौल, 22 जिंदा कारतूस के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 08 अगस्त, (हि.स.)। सांगली जिले में आटपाडी पुलिस स्टेशन की टीम ने तीन जगह छापामारी कर 7 लाख 62 हजार 210 रुपये कीमत की 11 पिस्टल, 22 जिंदा कारतूस, दो एक्स्ट्रा मैगज़ीन और अन्य सामान के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि हथियारों के मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।
पुलिस उप निरीक्षक खरात ने शनिवार को बताया कि छह अगस्त को नेलकरंजी फाटा इलाके में एक शख्स को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया था। उससे पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नेलकरंजी, खरसुंडी-बालावाड़ी मार्ग और भीवघाट-अटपडी रोड पर तीन जगहों पर शुक्रवार को छापा मार कर 7 लाख 62 हजार 210 रुपये कीमत की 11 पिस्टल, 22 जिंदा कारतूस, दो एक्स्ट्रा मैगज़ीन और दूसरा सामान जब्त किया गया। इस कार्रवाई से आटपाडी में चल रहे एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जांच में पता चला है कि इस मामले के तार सीधे मध्य प्रदेश के सेंधवा में सप्लायर तक पहुंच गए हैं। इस मामले में पुलिस ने मयूरेश मनोहर अडाटे (25), मारुति अशोक गुजले (24) और वैभव उर्फ गब्बर संजय इंगले (21) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मध्य प्रदेश के हथियार सप्लायर 'पाजी' की गहन तलाश जारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

