home page

पालघर में अस्पताल कर्मी से मारपीट करने वाले 11 पर मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 06 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के रिलीफ अस्पताल के कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले शिवसेना (शिंदे गुट) के जिला अध्यक्ष कुंदन सांखे समेत 11 लोगों के खिलाफ पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया है। इस घटना की छानबीन पालघर पुलिस स्टेशन की टीम अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज के आधार पर कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को दही हांडी उत्सव के दौरान गोविंदा पथक का एक सदस्य घायल हो गया था। उसका इलाज पालघर के रिलीफ अस्पताल में चल रहा था। इलाज के बाद अस्पताल के बिल को लेकर मरीज के परिजनों और अस्पताल प्रशासन के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और शिवसेना शिंदे समूह के जिला अध्यक्ष कुंदन संखे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के एक कर्मचारी के साथ मारपीट की।

इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर पालघर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर कुंदन सांखे समेत 11 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर मारपीट की घटना में शामिल लोगों की भूमिका और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव