भांडुप में 1.18 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और फ्लेवर्ड सुपारी जब्त, 9 गिरफ्तार
मुंबई, 12 सितंबर (हि.स.)। भांडुप के नाहुर इलाके में पुलिस ने शनिवार तडक़े छापेमारी कर 1.18 करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा, फ्लेवर्ड सुपारी और फ्लेवर्ड तंबाकू जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की छानबीन जारी है।
भांडुप पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद लाड ने बताया कि नाहुर इलाके में प्रतिबंधित गुटखा और फ्लेवर्ड सुपारी के परिवहन और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद के एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब 4.25 बजे भांडुप पुलिस स्टेशन की सीमा में आने वाले नाहुर के विक्रोली रोड स्थित म्युनिसिपल पार्किंग एरिया में छापा मारा। छापेमारी के दौरान नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके से प्रतिबंधित गुटखा ,एक कंटेनर, दो टेम्पो, एक बोलेरो और एक पिकअप समेत कुल पांच वाहन जब्त किए गए और बाद में नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इन वाहनों में 'वाराणसी आशिक' ब्रांड की फ्लेवर्ड सुपारी और फ्लेवर्ड तंबाकू ले जाया जा रहा था। जब्त प्रतिबंधित सामग्री की कीमत करीब 20.21 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि पांचों वाहनों की अनुमानित कीमत 98 लाख रुपये है। इस तरह जब्त सामग्री और वाहनों की कुल कीमत करीब 1.18 करोड़ रुपये है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

