महाराष्ट्र में 29 सितंबर को लगेंगे 1,000 रोजगार मेला : मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई, 21 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने सोमवार को कहा कि सूबे में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार महाकुंभ महाराष्ट्र’ के 29 सितंबर को 1,000 रोजगार मेला आयोजित किए जाएंगे। लोढ़ा ने इन रोजगार मेलाओं में बड़ी संख्या में युवा वर्ग को शामिल होने की अपील की है।
मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के ‘लोक संवाद-2026’ अभियान के तहत गणेशोत्सव के माध्यम से नागरिकों तक सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है। रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रत्येक तहसील में आयोजित होने वाले इन मेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों और उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी मिल सकेगी।
इस अवसर पर मालाबार हिल मीनल क्रीड़ा मंडल के अध्यक्ष प्रशांत जाधव, उपाध्यक्ष निंगेश कोरे, राजीव मेहता, सागर पेंढारकर, आयशा कुरैशी, कौशल विकास अधिकारी विद्या शिंगे, समन्वयक अजय कांबले तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की संभागीय संपर्क अधिकारी संध्या गरवारे, श्रद्धा मेश्राम , अश्विनी पुजारी आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

