उल्हासनगर तक दौड़ेगी मेट्रो-5
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो-5 को अब उल्हासनगर तक विस्तारित करने का फैसला किया गया है। मेट्रो-5 के विस्तारित चरण 2, 3 और 5 ए के संरेखन को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इससे अब एमएमआरडीए के लिए इन तीनों चरणों के निर्माण की निविदा निकालने का रास्ता साफ हो गया है। इस संबंध में केंद्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
केंद्र की मंजूरी के बाद एमएमआरडीए अब चरण 2, 3 और 5 ए के निर्माण के लिए जल्द निविदा जारी करेगा। इन चरणों के पूरा होने के बाद मेट्रो-5 ठाणे से उल्हासनगर तक पहुंचेगी। इससे ठाणे, कल्याण और उल्हासनगर के बीच यात्रा तेज, सुगम और सुविधाजनक होने के साथ क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। मेट्रो- 5 के विस्तार का काम पूरा होने से ठाणे, कल्याण और उल्हासनगर के यात्रियों को तेज और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी। एमएमआरडीए ने ठाणे-भिवंडी-कल्याण के बीच 24.9 किलोमीटर लंबी मेट्रो-5 परियोजना 8,400 करोड़ रुपए की लागत से शुरू की है। इसे दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। कापूरबावडी से धामणकर नाका तक पहले चरण का काम 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अगले कुछ महीनों में इस चरण का संचालन शुरू करने की एमएमआरडीए की योजना है।
दूसरे चरण का काम पुनर्वास संबंधी समस्याओं के कारण अटका हुआ था। भिवंडी-कल्याण मार्ग में बड़े पैमाने पर पुनर्वास और पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं के चलते पहले प्रस्तावित मार्ग में बदलाव कर दुर्गाडी-कल्याण हिस्से को एलिवेटेड के बजाय भूमिगत करने का निर्णय लिया गया था। राज्य सरकार के निर्देश के बाद एमएमआरडीए ने विस्तारित मेट्रो-5 मार्ग का नया संरेखन तैयार किया। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद प्रस्ताव केंद्र के पास भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
नए संरेखन के अनुसार चरण 2 में धामणकर नाका से दुर्गाडी तक 10.48 किलोमीटर लंबा मार्ग बनाया जाएगा। इसमें छह स्टेशन होंगे और इसके निर्माण पर 7,326 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। चरण 3 में दुर्गाडी से कल्याण तक 11.82 किलोमीटर का मार्ग होगा। इसमें सात स्टेशन होंगे और इस पर 4,063 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। वहीं, चरण 5 ए के तहत भोईरवाडी से उल्हासनगर तक 5.27 किलोमीटर लंबा मार्ग प्रस्तावित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

