मध्य रेलवे पर रविवार को मेगा ब्लॉक
मुंबई, 26अप्रैल (हि.स.)। मुंबईकरों को रविवार को एक बार फिर लोकल यात्रा में बदलाव का सामना करना पड़ेगा,। मध्य रेल ने हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक की घोषणा की है। यह ब्लॉक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से चुनाभट्टी और बांद्रा के बीच आवश्यक इंजीनियरिंग वरखरखाव कार्यों के लिए लिया जा रहा है।
मोगा ब्लाक के कारण कई लोकल सेवाएं आंशिक या पूरी तरह से निलंबित रहेंगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों के लिए मेन लाइन और वेस्टर्न रेलवे से सफर की सलाह दी है। मध्य रेलवे की ओर से बताया गया है कि ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल की ओर जाने वाली डाउन हार्बर लाइन की सेवाएं सुबह 11.16 बजे से शाम 4.47 बजे तक बंद रहेंगी,। वहीं बांद्रा और गोरेगांव की ओर जाने वाली सेवाएं भी सुबह 10.48 बजे से शाम 4.43 बजे तक प्रभावित रहेंगी। इसी तरह, पनवेल, बेलापुर और वाशी से सीएसएमटी आने वाली अप सेवाएं सुबह 9.53 बजे से दोपहर 3.20 बजे तक निलंबित रहेंगी। बांद्रा और गोरेगांव से आने वाली सेवाएं सुबह 10.45 बजे से शाम 5.13 बजे तक बंद रहेंगी। हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लॉक अवधि में पनवेल और कुर्ला के बीच प्लेटफॉर्म नंबर 8 से हर 20 मिनट में विशेष लोकल सेवाएं चलाई जाएंगी। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक यात्रियों को मेन लाइन और वेस्टर्न रेलवे के जरिए वैकल्पिक यात्रा करने की सलाह दी गई है।
सीएसएमटी से कल्याण के बीच मेन लाइन पर कोई मेगा ब्लॉक नहीं रहेगा, जिससे इस रूट के यात्रियों को राहत मिलेगी। मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि यह मेगा ब्लॉक ट्रैक और बुनियादी ढांचे के रखरखाव और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए पहले से यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

