home page

एक्शन में महापौर रितु तावड़े, निर्धारित लक्ष्य से पहले प्री-मानसून कामों को पूरा करने के निर्देश

 | 

मुंबई, 02 मई (हि.स.)। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने हर साल बारिश के दौरान आने वाली बाढ़ को गंभीरता से लिया है। उन्होंने शनिवार को महानगर में चल रहे प्री-मानसून कामों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकरियों को निर्धारित लक्ष्य से पहले काम पूरा करने का निर्देश दिया।

महापौर रितु तावड़े ने चेंबूर में सीसी रोड के साथ माहुल नाला, जे. के. नाला और मीठी नदी से सिल्ट हटाने के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने काम की गुणवत्ता, अलग-अलग यूटिलिटी चैनल्स की हालत, रोड के किनारे लगे पेड़ों और ड्रेनेज सिस्टम को देखा। फुटपाथ के कामों की गुणवत्ता को चेक किया। उन्होंने संबंधितों को सख्त हिदायत दी कि वह लगातार सीसी रोड, नालों से सिल्ट हटाने और दूसरे कामों का निरीक्षण करेंगी। इन कामों में लापरवाही और काम की गुणवत्ता में कमी बर्दाशत नहीं की जाएगी।

महापौर ने कहा कि सीसी रोड का काम तेज़ी से चल रहा है. इन कामों को मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के निर्माण और उनकी क्वालिटी बनाए रखने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए। सड़क किनारे पानी जमा न हो, सीमेंट कंक्रीट से किसी पेड़ पर असर न पड़े। उन्होंने कहा कि इस साल मानसून से पहले नालों से 8.28 लाख मीट्रिक टन सिल्ट निकालने का लक्ष्य है। 1 मई 2026 तक इसका लगभग 45 प्रतिशत यानी 3.76 लाख मीट्रिक टन सिल्ट निकाला जा चुका है। जहां ज़रूरी हो, वहां नालों के किनारे सुरक्षा दीवारें बनाई जाएं। सीसीटीवी मॉनिटरिंग की सुविधा दी जाए ताकि प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों के प्रतिनिधि भी नाले की सफाई के काम की असल स्थिति देख सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार