महापौर रितु तावड़े ने किया राजावाड़ी अस्पताल का औचक निरीक्षण
मुंबई, 22 फरवरी (हि.स.)। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने शनिवार को अचानक घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल पहुंची और अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही मेडिकल सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सीधे मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत की और उनकी समस्याएं जानने के बाद अस्पताल प्रबंधन को जरूरी निर्देश दिए।
महापौर रितु तावड़े ने राजावाड़ी अस्पताल के रीडेवलपमेंट के पहले चरण के काम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की सुरक्षा के लिए पूरे कंस्ट्रक्शन एरिया को कवर करने और धूल प्रदूषण को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल के महिला वार्ड, मैटरनिटी वार्ड, पुरुष वार्ड, मैटरनिटी वार्ड, एंटीनेटल वार्ड, पीडियाट्रिक डिपार्टमेंट और सर्जरी वार्ड में जाकर मरीजों से बातचीत की। कुछ मरीजों ने बताया कि उन्हें बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
महापौर ने दवाओं व टीके की आपूर्ति और डिस्ट्रीब्यूशन रिकॉर्ड चेक किए। उन्होंने टीकाकरण और दवाईयों के ज़रूरी स्टॉक बनाए रखने का आदेश दिया। दवा आपूर्ति में कहां रुकावटें आ रही हैं, इसकी विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को दिए हैं। महापौर ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इंजेक्शन सप्लाई क्यों नहीं हो रही है, इसके लिए संबंधित अधिकारियों की तत्काल बैठक बुलाई जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

