home page

30 अक्टूबर से दौड़ेगी माथेरान मिनी ट्रेन

 | 

मुंबई, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य रेलवे ने नेरल और माथेरान के बीच मिनी ट्रेन सेवा 30 अक्टूबर से दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। मानसून के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर जून से अक्टूबर तक इस मार्ग पर ट्रेन सेवाएं बंद रखी गई थीं। अब पर्यटकों के लिए इसे 30 अक्टूबर से फिर से शुरू किया जाएगा।

सेंट्रल रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार नेरल-माथेरान के बीच प्रतिदिन दो ट्रेनें दोनों दिशाओं में चलेंगी। वहीं, माथेरान और अमन लॉज के बीच शटल सेवा भी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार जारी रहेगी। नेरल से माथेरान के लिए पहली मिनी ट्रेन सुबह 8.50 बजे रवाना होकर 11.30 बजे पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन सुबह 10.25 बजे रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे माथेरान पहुंचेगी। वापसी में माथेरान से पहली ट्रेन दोपहर 2.45 बजे रवाना होकर शाम 5.30 बजे नेरल पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन शाम 4 बजे रवाना होकर 6.40 बजे नेरल पहुंचेगी. ये सभी ट्रेनें रोजाना चलेंगी। ट्रेन संख्या 52103 और 52104 में कुल छह डिब्बे होंगे। इनमें द्वितीय श्रेणी के तीन डिब्बे, एक विस्टाडोम डिब्बा और द्वितीय श्रेणी के दो सहायक सामान डिब्बे शामिल होंगे। ट्रेन संख्या 52105 और 52106 में द्वितीय श्रेणी के तीन, प्रथम श्रेणी का एक और द्वितीय श्रेणी के दो सहायक सामान डिब्बे होंगे।

अमन लॉज से माथेरान के लिए प्रतिदिन छह शटल ट्रेनें चलेंगी. पहली ट्रेन सुबह 8.45 बजे रवाना होकर 9.03 बजे पहुंचेगी. इसके बाद सुबह 9.35 बजे, दोपहर 12 बजे, दोपहर 2.25 बजे, दोपहर 3.40 बजे और शाम 5.45 बजे ट्रेनें रवाना होंगी. इनका माथेरान पहुंचने का समय क्रमशः सुबह 9.53 बजे, दोपहर 12.18 बजे, दोपहर 2.43 बजे, दोपहर 3.58 बजे और शाम 6.03 बजे होगा. इसी तरह माथेरान से अमन लॉज के लिए भी प्रतिदिन छह शटल ट्रेनें चलेंगी. पहली ट्रेन सुबह 8.20 बजे रवाना होकर 8.38 बजे पहुंचेगी. इसके बाद सुबह 9.10 बजे, सुबह 11.35 बजे, दोपहर 2 बजे, दोपहर 3.15 बजे और शाम 5.20 बजे ट्रेनें रवाना होंगी. ये क्रमशः सुबह 9.28 बजे, 11.53 बजे, दोपहर 2.18 बजे, दोपहर 3.33 बजे और शाम 5.38 बजे अमन लॉज पहुंचेंगी.

यात्रियों की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को अमन लॉज-माथेरान मार्ग पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। अमन लॉज से विशेष ट्रेन सुबह 10.30 बजे रवाना होकर 10.48 बजे माथेरान पहुंचेगी। दूसरी विशेष ट्रेन दोपहर 1.35 बजे रवाना होकर 1.53 बजे पहुंचेगी। वापसी में माथेरान से पहली विशेष ट्रेन सुबह 10.05 बजे रवाना होकर 10.23 बजे अमन लॉज पहुंचेगी। दूसरी विशेष ट्रेन दोपहर 1.10 बजे रवाना होकर 1.28 बजे पहुंचेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार