home page

बोईसर-तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में रिएक्टर विस्फोट, दो श्रमिक गंभीर

 | 

मुंबई, 01 जुलाई (हि.स.)।

पालघर जिले के बोईसर से सटे तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार एक रासायनिक फैक्ट्री में हुए भीषण रिएक्टर विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। प्लॉट क्रमांक एन-74/2 स्थित केमेट इंडस्ट्रीज में रासायनिक प्रक्रिया के दौरान रिएक्टर फटने से धमाका इतना तेज था कि पास की पैराडाइज एसिड एंड केमिकल्स फैक्ट्री की छत के लोहे के पत्रे गिर पड़े। इसकी चपेट में आने से वहां कार्यरत दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बोईसर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विस्फोट का प्रभाव करीब 300 मीटर दूर तक देखा गया, जहां रिएक्टर का एक हिस्सा दूसरी कंपनी के परिसर में जा गिरा। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। प्रारंभिक जांच में रिएक्टर में अधिक दबाव बनने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद एक बार फिर तारापुर एमआईडीसी की औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह