home page

मराठा आरक्षण : मनोज जारांगे ने सरकार पर गुमराह करने का आरोप लगाया

 | 

मुंबई, 08 सितम्बर (हि.स.)। मराठा आरक्षण के लिए भूख हड़ताल कर रहे नेता मनोज जारांगे ने मंगलवार को राज्य सरकार पर गुमराह करने का आरोप लगाया। जारांगे ने मंगलवार को कहा कि उनका आंदोलन जारी रहेगा और १२ सितंबर को मुंबई जाने के बारे में निर्णय लिया जाएगा। मनोज जारांगे की हड़ताल का आज ११वां दिन है।

जारांगे ने जालना जिले के अंतरवाली सराटी में पत्रकारों को बताया कि मराठा रिजर्वेशन कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन राधाकृष्ण विखे पाटिल ने मराठों का सबसे बड़ा नुकसान किया है। मराठों का इतना नुकसान किसी ने नहीं किया।

जारांगे ने कहा कि विखे पाटिल ने मीठी-मीठी बातें करके हमारा साल बर्बाद कर दिया। मनोज जरांगे पाटिल ने राधाकृष्ण विखे पाटिल पर हमला बोलते हुए यह भी कहा कि विखे ने देवेंद्र फडणवीस का सपना पूरा किया। जारांगे ने कहा कि विखे पाटिल को सच बोलना चाहिए। जरांगे ने आगे कहा कि राधाकृष्ण विखे पाटिल मुझे धमकी न दें। अगर वे अंतरवाली नहीं भी आते हैं तो भी ठीक रहेगा, हमने उन्हें नहीं बुलाया। मनोज जारांगे ने विखे पाटिल पर तंज कसते हुए कहा कि अगर सत्ता का मजा लेना है तो आलोचना सहनी पड़ेगी।

उल्लेखनीय है कि आज विखे पाटिल ने कहा था कि मराठा समाज को राज्य सरकार ने बहुत कुछ दिया है। इससे भी अगर मनोज जारांगे संतुष्ठ नहीं हैं तो वे अब अंतरवाली सराटी नहीं जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज कहा था कि मराठा समाज को संविधान के दायरे में रहकर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा था कि उनकी सरकार ने मराठा समाज को बहुत कुछ दिया है। आगे भी मराठा समाज के हित को ध्यान में रखकर सरकार काम करेगी, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मंत्री विखे पाटिल के व्यक्तव्य पर नाराजगी जताते हुए मराठा नेता मनोज जारांगे ने अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव