गोरेगांव के कई क्षेत्रों में 10–11 मार्च को नहीं आएगा पानी
मुंबई, 07 मार्च (हि.स.)। गोरेगांव (पूर्व) के कई क्षेत्रों में 10–11 मार्च को पानी नहीं आएगा। मुंबई मनपा ने दादासाहेब फाल्के फिल्म सिटी मार्ग पर फ्लाईओवर के पहुंच मार्ग क्षेत्र में जलवाहिनी के मरम्मत कार्य का फैसला किया है। इसलिए कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। लोगों से पानी के संयमित उपयोग और बचाकर रखने की अपील की गई है।
मुंबई मनपा के अनुसार आगामी 10 मार्च को सुबह 9 बजे से 11 मार्च को सुबह 9 बजे तक यानी 24 घंटे के लिए ‘पी पूर्व’ और ‘पी दक्षिण’ विभाग के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से पानी आएगा। यहां 750 मिलीमीटर व्यास की डायवर्ट की गई पाइपलाइन के छेद जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान ‘पी पूर्व’ विभाग की शिवशाही परियोजना, श्रीकृष्ण नगर और इंदिरा गांधी अनुसंधान संस्था क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इसी तरह ‘पी दक्षिण’ विभाग के सैटेलाइट टॉवर, संतोष नगर, माली नगर, हबले पाड़ा, उमरशेट पाड़ा, नगरमोडे पाड़ा, सुनील मैदान तथा फिल्म सिटी मार्ग से सटे क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं मोहन गोखले मार्ग, कृष्णा वाटिका मार्ग, साई मार्ग और आर्य भास्कर मार्ग क्षेत्र में कम दबाव से पानी की आपूर्ति की जाएगी।
बीएमसी ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे पानी की आपूर्ति बंद होने से पहले आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण कर लें और मरम्मत कार्य के दौरान पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक करें। कार्य पूरा होने के बाद कुछ दिनों तक पानी मटमैला आने की संभावना है, इसलिए पानी को छानकर और उबालकर पीएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

