पहले पार्टी मैनेज करो, फिर पतंग उड़ाओ, नरेश म्हस्के का संजय राऊत पर हमला
मुंबई, 06 अगस्त (हि.स.)। शिवसेना पार्टी और चुनाव निशान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद नरेश म्हस्के ने ठाकरे सेना के सांसद संजय राऊत की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कोर्ट की सुनवाई पर प्रतिक्रिया देते राऊत ऐसे बयान दे रहे हैं जैसे जज ने उनके कान में फैसला फुसफुसा दिया हो। उन्हें पहले अपनी पार्टी मैनेज करनी चाहिए और फिर पतंग उड़ानी चाहिए।
म्हस्के ने कहा कि चुनाव आयोग ने शिवसेना पार्टी और चुनाव चिन्ह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की लीडरशिप को दिया है। इसलिए राऊत को इसका अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने ठाकरे सेना पर सत्ता के लिए हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे के विचारों से समझौता करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कोर्ट का फैसला जब अच्छा हो तो उसकी तारीफ करना और जब बुरा हो तो उसकी बुराई करना राऊत का रवैया सही नहीं है।
म्हस्के ने राऊत को सलाह दी है कि वे ठाकरे सेना के नेताओं और प्रतिनिधियों को बनाए रखने की चिंता करें। दूसरी पार्टियों पर कमेंट करने के बजाय अपनी पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

