टॉप 10 में आया मंदसौर जिले का मल्हारगढ़ पुलिस थाना, सीएम और डीजीपी सहित डिप्टी सीएम ने दी बधाई
मंदसौर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले का मल्हारगढ़ थाना हाल ही में सुर्खियों में रहा है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विरोधियों द्वारा लगातार उठाए जा रहे सवालों और मल्हारगढ़ थाना पुलिस पर की जा रही आलोचनाओं के बावजूद, इस थाने ने अपने उत्कृष्ट कार्य से पूरे देश में एक अलग पहचान स्थापित की है। जहां एक ओर विरोधी थाने में हंगामा कर आरोपों की बौछार कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर थाने ने अपने प्रदर्शन से आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी भारत के टॉप-10 सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों की सूची में मल्हारगढ़ थाना नौवें स्थान पर रहा है। यह घोषणा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रायपुर में आयोजित 60वीं डीजीपी और आईजीपी कॉन्फ्रेंस में की। इस सम्मान के साथ मल्हारगढ़ थाना देश के चुनिंदा सर्वश्रेष्ठ थानों में शामिल हो गया है और यह मध्यप्रदेश का एकमात्र थाना है जिसने इस राष्ट्रीय सूची में जगह बनाई।
70 पैमानों पर हुआ मूल्यांकन, मल्हारगढ़ थाना हर मानक पर खरा
गृह मंत्रालय ने थानों के मूल्यांकन के लिए 70 अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए थे। इनमें अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का त्वरित निराकरण, थाने की स्वच्छता, तकनीकी संसाधनों का उपयोग, पुलिसकर्मियों का व्यवहार, आम नागरिकों की संतुष्टि, महिला अपराधों की त्वरित विवेचना और समय सीमा में चालान प्रस्तुत करना, कमजोर वर्गों से जुड़े अपराधों में तुरंत कार्रवाई जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे।
मल्हारगढ़ थाने ने इन सभी मानकों पर बेहतरीन प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की। चोरी, लूट, डकैती जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों का त्वरित खुलासा, गुमशुदा व्यक्तियों की तत्काल तलाश, पुराने प्रकरणों का तुरंत निराकरण, समंस-वारंट की प्रभावी तामिली और कानून व्यवस्था को मजबूती प्रदान करना इसके उल्लेखनीय उदाहरण हैं। इसके साथ ही सामुदायिक सहभागिता और प्रो-एक्टिव पुलिसिंग ने भी थाने को शीर्ष स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीएम और डिप्टी सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मल्हारगढ़ थाने की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ट्वीट कर कहा कि मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने को देश में नौवीं रैंक मिलना गर्व का क्षण है। उन्होंने मप्र पुलिस, जिला पुलिस अधीक्षक और मल्हारगढ़ थाना स्टाफ को बधाई देते हुए अन्य थानों को भी इससे प्रेरणा लेते हुए श्रेष्ठ कार्य करने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जिनके विधानसभा क्षेत्र में यह थाना आता है, ने भी इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह उपलब्धि सुशासन को नई मजबूती प्रदान करती है। अपने क्षेत्र के थाने का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हम देशभक्ति और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते रहेंगे।
नेतृत्व और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण
इस सफलता के पीछे सशक्त नेतृत्व और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी और तत्कालीन थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने लगभग चार वर्षों तक थाने की कार्यप्रणाली को मजबूत दिशा दी। उन्होंने टीम को चुनौतियों से निपटने और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। नियमित समीक्षा, तकनीक का बेहतर उपयोग और जनता से संवाद ने थाने के कार्य को अधिक प्रभावी बनाया।
एसपी ने कहा, पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण
मंदसौर जिले के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने कहा कि मल्हारगढ़ थाना देश के टॉप-10 थानों में शामिल हुआ है, यह केवल जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश पुलिस विभाग के लिए गौरव का पल है। यह सफलता राज्य पुलिस के आदर्श वाक्य ‘देशभक्ति-जनसेवा’ को सच्चे अर्थों में प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि मंदसौर पुलिस भविष्य में भी जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को बनाए रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

