बीएमसी के छोटे अस्पतालों में होंगे बड़े ऑपरेशन
मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका के छोटे अस्पतालों में भी अब बड़े ऑपरेशन होंगे। मनपा प्रशासन ने 'मुंबई हेल्थ रेजोल्यूशन - अर्बन हेल्थ पॉलिसी' का मसौदा तैयार किया है, जिसमें 2047 तक के लक्ष्य तय किए गए हैं।
साल 2047 तक 70 फीसदी आम ऑपरेशन छोटे अस्पतालों में होंगे, जिससे केईएम, सायन, नायर और कूपर जैसे बड़े अस्पतालों का बोझ 40 फीसदी घटेगा। दिल और लकवे के मरीजों के लिए 8 इमरजेंसी सेंटर बन रहे हैं, जहां लकवे का इलाज 60 मिनट और एंजियोप्लास्टी 90 मिनट के भीतर शुरू करने का लक्ष्य है। कीमोथेरेपी, डायलिसिस और स्कैन जैसे इलाज घर के पास के अस्पताल में मिलेंगे।
स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने इसकी समीक्षा की है। मनपा की स्वास्थ्य सेवा 160 साल पुरानी है। आज इसके दायरे में 316 दवाखाने, 236 स्वास्थ्य केंद्र, 21 अस्पताल, 30 प्रसूति गृह, 4 मेडिकल कॉलेज और 1 डेंटल कॉलेज हैं। साल 2026-27 का स्वास्थ्य बजट 7,457 करोड़ रुपए है, जो अब तक का सबसे ज्यादा है। 229 क्लिनिक रात 10 बजे तक खुले रहते हैं, ताकि दिन भर काम करने वाले मुंबईकर काम के बाद भी इलाज करा सकें।
एचपीवी टीकाकरण में महाराष्ट्र खस्ताहाल है, 30 से 49 साल की महिलाओं में 100 में से 2 से भी कम महिलाओं की कभी जांच हुई है। ऐसा आंकड़ा सामने आया था, इसलिए जांच, एचपीवी टीके और चलती-फिरती कैंसर जांच गाड़ियों पर जोर रहेगा। स्कूलों में काउंसलिंग और चौबीस घंटे फोन पर मनोचिकित्सा की सुविधा भी शुरू होगी। मंजूरी के बाद पहले 100 दिनों में 11 काम होंगे। जैसे उपनगरीय अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई और चौबीस घंटे सोनोग्राफी, 8 और डायलिसिस सेंटर और गोवंडी में 100 सीटों वाला एमबीबीएस कॉलेज।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

