हिंगोली में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को बड़ा झटका, पूर्व विधायक डॉ. संतोष टारफे शिंदे गुट में शामिल
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में हुआ पार्टी प्रवेश
आगामी निकाय चुनावों से पहले शिंदे सेना को मजबूती
मुंबई, 04 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को हिंगोली जिले में बड़ा झटका लगा है। कलमनुरी के पूर्व विधायक डॉ. संतोष टारफे अपने समर्थकों के साथ शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो गए हैं। बुधवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
डॉ. टारफे के साथ शिवसेना (यूबीटी) के जिला प्रमुख गोपू पाटिल, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष गणाजी बेले, पूर्व नगराध्यक्ष नंदकिशोर तोषनीवाल सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों ने भी शिंदे गुट का दामन थाम लिया। इस अवसर पर विधायक संतोष बांगर भी मौजूद थे।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, डॉ. संतोष टारफे और अन्य प्रमुख नेताओं के पार्टी में शामिल होने से हिंगोली जिले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की संगठनात्मक ताकत बढ़ेगी। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की पृष्ठभूमि में इस राजनीतिक घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आदिवासी समाज के विकास का शिंदे ने दिया भरोसा
नए नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आदिवासी समाज की तरक्की और विकास के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और शिवसेना के संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।
शिंदे ने कहा, समाज का काम करो, शिवसेना का काम करो। आपके विकास कार्यों और समाज की तरक्की के लिए शिवसेना हमेशा आपके साथ खड़ी रहेगी। आपको किसी भी तरह की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी।
हिंगोली के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने का आश्वासन
उपमुख्यमंत्री ने हिंगोली जिले में अधूरे पड़े विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए भी आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिले के विकास को गति देने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।
इसके साथ ही शिंदे ने घोषणा की कि जल्द ही हिंगोली में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस राजनीतिक घटनाक्रम से जिले में आगामी चुनावों से पहले सियासी समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

