खरात मामले में बुधवार को होगा बड़े नामों का खुलासाः अंजलि दमानिया
मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। दैवीय शक्तियों का दावा करके कई लोगों को गुमराह करने वाले पाखंडी बाबा अशोक खरात के मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना है। सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने दावा किया है कि वह बुधवार को इस मामले से जुड़े बड़ों नामों का खुलासा करेंगी।
दमानिया ने कहा कि उनके पास जो जानकारी है, उसमें 1825 मोबाइल नंबर शामिल हैं। ये नंबर अशोक खरात के संपर्क में रहने वाले लोगों के हैं। इनमें आईजी रैंक के अधिकारी, पुलिस इंस्पेक्टर, सीनियर अधिकारी, तहसीलदार, उप-जिलाधिकारी और कुछ राजनेता शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि इन नामों के सामने आने के बाद बड़ा हंगामा होगा। उन्होंने यह बताया कि ट्रैफिक कांस्टेबल से लेकर पुलिस स्टेशन के सीनियर अधिकारियों तक, कई लोग खरात के संपर्क में थे। उन्होंने यह सारी जानकारी संबंधित पुलिस अधिकारियों को भेज दी है।
इस मामले में शिरडी पुलिस स्टेशन में प्रतिभा चाकणकर से पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि कॉल की तुलना में एसएमएस से ज़्यादा ट्रांज़ैक्शन किए गए हैं। दमानिया ने यह भी कहा कि पुलिस को कुछ ज़रूरी डिटेल्स दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

