पालघर की गिनी सिल्क मिल में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं
मुंबई, 01 नवंबर (हि.स.)।
पालघर जिले के बोईसर स्थित तारापुर औद्योगिक क्षेत्र की गिनी सिल्क मिल में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। घटना में कंपनी की कुछ सामग्री जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
अधिकारियों के अनुसार, तारापुर एमआईडीसी के प्लॉट नंबर 15 पर स्थित कंपनी के कंप्यूटर विभाग और स्टोर रूम में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे आग लगी। सूचना मिलने पर सुबह 7:40 बजे दमकल दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। सुबह करीब 10:15 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय, पालघर के सहसंचालक माधव तोटेवाड ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंप्यूटर विभाग में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। घटना के समय कारखाने में श्रमिक मौजूद नहीं थे। प्रशासन आग के कारणों और नुकसान का आकलन कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

