home page

एफडीए की बड़ी कार्रवाई, गणेशोत्सव में मिलावटखोरों पर पड़े छापे

 | 

मुंबई, 15 सितंबर ङि.स.)। महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित खानपान को लेकर अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने त्यौहारी मौसम में बड़ी कार्रवाई की है। इस महीने 11 से 14 सितंबर के बीच चलाए गए विशेष अभियान में मिठाई, खोवा, पनीर, घी, सूखे मेवा और फरसाण से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की गई। मुंबई में नौ प्रतिष्ठानों लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और एक अन्य प्रतिष्ठान पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

एफडीए अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मुंबई में 38 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर 47 नमूने जांच के लिए लिए गए थे। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां चलते नौ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए है। एक अन्य प्रतिष्ठान पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में तापमान नियंत्रण, खाद्य पदार्थों के भंडारण, सफाई, जल निकासी और खाद्य सामग्री के स्तर से जुड़ी कमियां भी सामने आई हैं। मुंबई में पांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान 20 लाख 21 हजार 100 रुपये का प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त हुआ और पांच वाहन भी जब्त किए गए।

कोल्हापुर में 208 किलो हलवा और रबड़ी घटिया गुणवत्ता के संदेह में जांच के दायरे में आए। पुणे में एक प्रतिष्ठान से 1,519 किलो दूध और दुग्ध उत्पाद मिले, जिनकी कीमत 8 लाख 50 हजार 702 रुपये आंकी गई है। जलगांव में दो वाहनों से 2,155 किलो संदिग्ध मिलावटी हलवा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 5 लाख 58 हजार रुपये है। जालना में गुटखा और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों का 95 लाख 30 हजार 464 रुपये का भंडार और करीब 40 लाख रुपये मूल्य के वाहन जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती 1 करोड़ 35 लाख 30 हजार 464 रुपये की रही। बीड में भी 10 लाख 63 हजार 600 रुपये का माल जब्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार