home page

राशनिंग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 451 सिलेंडर जब्त

 | 

मुंबई, 10 अप्रैल (हि.स.)। गैस संकट के बीच मुंबई में राशनिंग विभाग ने गैर-कानूनी तरीके से गैस भंडारण और वितरण करने वालों के खिलाफ मुहिम चला रखी है। इसी के तहत डोंगरी इलाके के वाडी बंदर ब्रिज पर बड़ी कार्रवाई की गई है। गैर-कानूनी तरीके से गैस सिलेंडर ले जा रही 8 गाड़ियों को जब्त किया गया है। इनमें 451 सिलेंडर भरे हुए थे, जिनकी कुल कीमत 40,61,716 रुपये बताई जा रही है।

रशनिंग विभाग के निदेशक चंद्रकांत डांगे को गुप्त सूचना मिली थी कि गैस सिलेंडर गैर-कानूनी तरीके से लाए जा रहे हैं। इसके आधार रशनिंग विभाग के उड़न दस्ते ने जाल बिछाया और गैस सिलेंडर से भरी गाड़ियों को पकड़ा गया. डांगे ने बताया कि ज़रूरी सामानों की ब्लैक मार्केटिंग या गैर-कानूनी भंडारण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में रशनिंग विभाग के डिप्टी कंट्रोलर गणेश बेल्लाले, माधुरी शिंदे और प्रदीप यादव के नेतृत्व में टीम ने वाडीबंदर ब्रिज पर ट्रैप लगाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार