महाराष्ट्र की युवा पीढ़ी ड्रग्स के जाल में: हर्षवर्धन सपकाल
मुंबई, 14 अप्रैल(हि.स.)। मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को परिसर में ड्रग्स पार्टी में दो छात्रों की मौत ने राज्य की सियासत में हलचल मचा दी है। इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने महायुति सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की युवा पीढ़ी ड्रग्स के जाल में फंसती जा रही है. जबकि हमारा सरकारी तंत्र और पुलिस विभाग सोया हुआ है।
सपकाल ने कहा कि नेस्को परिसर में आयोजित लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट में शराब और ड्रग्स का खुलेआम इस्तेमालकिया गया। अब कार्रवाई का दिखावा शुरू किया गया है। लेकिन मुंबई के एक इलाके में चार से पांच हजार युवक-युवतियों की ड्रग्स पार्टी हो रही थी, इसकी भनक पुलिस को कैसे नहीं लगी? केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के कोने-कोने में ड्रग्स का काला धंधा सरकार के आशीर्वाद से चल रहा है। महायुति सरकार की निष्क्रियता की वजह से युवा पीढ़ी ड्रग्स के जाल में फंस रही है। मुंबई पुलिस और सरकारी तंत्र की नाक के नीचे इस तरह की ड्रग्स और शराब पार्टियां खुलेआम हो रही हैं। यह गृह विभाग और सभी एजेंसियों की बड़ी विफलताहै।
सपकाल के अनुसार राज्य के एक उपमुख्यमंत्री के भाई के खेत में ही ड्रग्स का कारखाना चल रहा था। वह उजागर होने के बाद भी औपचारिक कार्रवाई कर मामले को दबा दिया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी उसे क्लीन चिट दे दी। ड्रग्स माफिया ललित पाटिल का मामला हो, नासिक का ड्रग्स प्रकरण हो या सातारा का ड्रग्स कारखाना। इन सभी के तार सरकार के बड़े लोगों सेजुड़े हुए हैं। नेस्को में चार-पांच हजार छात्रों की ऐसी पार्टी को अनुमति किसने दी? सरकार और पुलिस किसे बचा रही है, यह स्पष्ट होना चाहिए। राज्य में यह तस्वीर दिखाई दे रही है कि सरकार ने पुलिस और सभी एजेंसियों को प्रतिशत, हफ्ता वसूली और आम जनता से ‘वसूली’ करने के काम में लगा दिया है। देवेंद्र फडणवीस से गृह विभाग और प्रशासन नहीं संभल रहा है, तो वे कुर्सी छोड़ दें, लेकिन महाराष्ट्र को बर्बाद न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

