भीषण गर्मी से तपने लगा महाराष्ट्र, सरकार की गाइडलाइन जारी
मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के कई जिलों में गर्मी ने कहर बरपा दिया है। खासकर विदर्भ में अप्रैल महीने में ही अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को संज्ञान में लेते हुए महाराष्ट्र सरकार ने लोगों के बचाव के लिए गाइडलाइन जारी की है।
महाराष्ट्र भी देश के दस बड़े गर्म राज्यों में से एक है। जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में तापमान 47 से 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। राज्य में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बढ़ती गर्मी के हिसाब से लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए खास कैंपेन भी चलाई जाएगी। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने जारी की गई गाइडलाइन को असरदार तरीके से लागू करने की अपील की है।
विदर्भ के कई जिलों में पारा 44 डिर्गी के आस-पास चला गया है। मौसम विभाग के येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट के हिसाब से काम के शेड्यूल में बदलाव, पानी के ब्रेक, वॉटर बूथ, ओआरएस बांटना, छाया का इंतजाम और हेल्थ सुविधाओं को मज़बूत करने जैसे कदम उठाए जाएंगे। ठंडे आराम के सेंटर, पानी की सप्लाई, वेंटिलेशन, काम की प्लानिंग, जॉब रोटेशन, गर्मी से होने वाली बीमारी की पहचान की ट्रेनिंग और महिला वर्कर्स के लिए खास सुविधाएं देना शामिल है। हीट-रेसिस्टेंट हाउसिंग शामिल हैं, जिसमें घरों में थर्मल सुधार, कूल रूफ, ग्रीन एरिया और क्लाइमेट-सेंसिटिव प्लानिंग उपायों पर ज़ोर दिया गया है।
अकोला ज़िले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. उसके बाद अमरावती में 43.8 डिग्री और सोलापुर में 43.2 डिग्री रहा. मंत्री महाजन ने भरोसा जताया कि ये उपाय गर्मी से जुड़ी बीमारियों और मौतों को कम करने में मददगार होंगे। विशेषकर मजदूरों, खनिकों और कम इनकम वाले ग्रुप्स के लिए सरकारी गाइडलाइन मदद करेगी। मुख्य फोकस 15 ज़्यादा गर्मी वाले जिलों पर है। इसमें लातूर, अमरावती, यवतमाल, वाशिम, अकोला, बुलढाणा, नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर, गोंदिया, भंडारा, जलगांव, नंदुरबार, धुले और नांदेड़ जिले शामिल हैं. स्ट्रीट वेंडर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, मेहनतकशों, ट्रैफिक पुलिस, सफाई कर्मचारी, डिलीवरी वर्कर, ऑटो रिक्शा चालको पर विशेष ध्यान दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

