सूखे से निपटने महाराष्ट्र सरकार ने बनाया स्टडी ग्रुप
मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने सूबे में कम बारिश के कारण पैदा हुए सूखे से जुड़े हालात से निपटने के लिए 12 सदस्यों का एक हाई-लेवल एडमिनिस्ट्रेटिव स्टडी ग्रुप बनाया है। राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव इस कमेटी के चेयरमैन होंगे। स्टडी ग्रुप को मौजूदा संकट से निपटने के लिए तुरंत उपाय योजना बनाने के साथ-साथ भविष्य में ऐसे हालात से निपटने के लिए दीर्घकालीन उपाय तय करने की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में 29 सितंबर को हुई कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में राज्य में बारिश की कमी के कारण उत्पन्न हुए हालात की समीक्षा की गई थी। उस समय स्थाई और शॉर्ट-टर्म उपायों के लिए एक उच्चस्तरीय प्रशासनिक समिति बनाने का फैसला किया गया था। इसके अनुसार पशु पालन, दुग्ध विकास व मत्स्य विभाग ने मंगलवार को एक सरकारी फ़ैसला जारी किया। इस कमेटी में राजस्व, वित्त, योजना, ऊर्जा, वन, मदद व पुनर्वास, सहकारिता, जल संसाधन, कृषि और ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। पशु पालन, दुग्ध विकास व मत्स्य पालन विभाग के सचिव इस समिति के सदस्य सचिव के तौर पर काम करेंगे।
समिति राज्य में सूखे के हालात के दौरान पहले लागू किए गए उपायों की स्टडी करेगी। दूसरे राज्यों में असरदार साबित हुए उपायों की समीक्षा करके महाराष्ट्र के लिए काम आने वाले नए उपायों और नीति की सिफ़ारिश करेगी। राज्य में अभी उपलब्ध चारे, उसके संभावित उत्पादन और आगामी दिनों में जानवरों की ज़रूरत की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अनुसार चारे की उपलब्धता और आवंटन की योजना पर जोर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

