home page

महाराष्ट्र को मिली देश की पहली एंटी-नारकोटिक्स फॉरेंसिक वैन, फडणवीस ने किया उद्घाटन

 | 
महाराष्ट्र को मिली देश की पहली एंटी-नारकोटिक्स फॉरेंसिक वैन, फडणवीस ने किया उद्घाटन


मुंबई, 21 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में देश की पहली अत्याधुनिक एंटी-नारकोटिक्स इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक वैन का उद्घाटन किया।

इस वैन के माध्यम से ड्रग्स से जुड़े मामलों की जांच को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस अत्याधुनिक वैन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह घटनास्थल पर पहुंचकर मादक पदार्थों के नमूने एकत्र करने और उनकी प्राथमिक जांच में मदद करेगी। इसके साथ ही घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों की वीडियोग्राफी, दस्तावेजीकरण और डिजिटल रिकॉर्डिंग भी की जा सकेगी।

जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए ब्लॉकचेन तकनीक का इस्तेमाल किए जाने की योजना है, जिससे साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की संभावना को कम किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अवसर पर कहा कि नशे का अवैध कारोबार समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इससे निपटने के लिए पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और बेहतर जांच सुविधाओं से लैस करना आवश्यक है।

उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी ऐसी फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

इस वैन का उपयोग बड़े सार्वजनिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में भी किया जा सकेगा, जहां ड्रग्स से संबंधित गतिविधियों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता होती है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी