महारेल बनाएगा पनवेल में 6 रेलवे ओवरब्रिज
मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। महारेल ने पनवेल शहर के 6 महत्वपूर्ण स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात की भीड़ और देरी को खत्म करने के उद्देश्य से तैयार इस योजना को एनओसी के लिए गुरुवार को पीएमसी की महासभा में रखा जाएगा। यह योजना साकार होती है तो पनवेल महानगर पालिका क्षेत्र में रेलवे फाटकों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम और दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सकती है।
महारेल ने पूरे महाराष्ट्र में लेवल क्रॉसिंग मुक्त बनाने के लिए 80 ऐसे स्थलों का सर्वेक्षण किया है, जहां ब्रिजों की भारी आवश्यकता है। पनवेल के चिन्हित 6 स्थानों में से दो पर सिंगल रेलवे लाइन है, जबकि शेष चार जगहों पर तेजी से शहरीकरण और वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। प्रस्तावित परियोजनाओं में पनवेल-दिवा रूट पर कलंबोली व पनवेल स्टेशन के बीच और खारघर-मानसरोवर रूट पर खारघर स्टेशन के पास बनने वाले ओवरब्रिज शामिल हैं। इसके अलावा खांडा कॉलोनी में सीकेटी कॉलेज के पास नेशनल हाईवे पर कलुंद्रे खंड, अडवाली खंड और रोहिंजन खंड पर भी ओवरब्रिज बनाने का प्लान है। इन क्षेत्रों में आवासीय बस्तियां तेजी से बसी हैं, जिससे बंद फाटक यात्रियों के लिए बड़ा सिरदर्द बन चुके हैं।
नए ओवरब्रिज बनने से सड़क संपर्क बेहतर होगा और वाहन चालकों को समय की बचत होगी। मनपा की महासभा से एनओसी मिलने के बाद इन परियोजनाओं के तकनीकी डिजाइन, संयुक्त स्थल निरीक्षण और जमीन के नीचे मौजूद यूटिलिटी लाइनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद जरूरी अनुमतियां लेकर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

