महाकालेश्वर मंदिर में दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने किए दर्शन, व्यवस्थाओं की सराहना की
उज्जैन, 23 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को उज्जैन प्रवास के दौरान विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की।
आशीष सूद दिल्ली सरकार में गृह, शिक्षा, विद्युत एवं शहरी विकास विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका पूजन संपन्न कराया। दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मंत्री सूद का पारंपरिक रूप से सम्मान किया। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री सूद ने मध्य प्रदेश शासन द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां की सुव्यवस्थित और भव्य व्यवस्थाएं देशभर के तीर्थस्थलों के लिए प्रेरणादायी हैं।
इसी दौरान मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) एवं पर्यावरण कार्यकर्ता पद्मश्री मोहन नागर ने भी मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

