महाजन नाशिक के और गोगावले रायगढ़ के पालक मंत्री
मुंबई, 17 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के नाशिक और रायगढ़ जिले के पालक मंत्रियों का मसला आखिरकार सुलझ गया है। भाजपा कोटे के मंत्री गिरीश महाजन को नासिक का और शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री भरत गोगावले को रायगढ़ का पालक मंत्री नियुक्त किया गया है।
महायुति सरकार ने पालक मंत्रियों के संबंध में अधिकृत घोषणा कर दी है। इस बारे में सर्कुलर जारी किया गया है। राज्य में महायुति सरकार को डेढ़ साल से अधिक समय हो गया है, लेकिन दो जिलों नासिक और रायगढ़ के पालक मंत्री को लेकर फैसला नहीं हो सका था। दोनों ज़िलों में लंबे समय से पालक मंत्री नहीं थे। महायुति सरकार बनने के बाद से ही नासिक के पालक मंत्री पद को लेकर शिवसेना (शिंदे सेना) और बीजेपी के बीच खींचतान चल रही थी। जिले में एनसीपी (एपी) के सबसे ज़्यादा विधायक हैं, इसलिए एनसीपी (एपी) ने भी इस पद पर दावा ठोंका था। शिवसेना से दादा भुसे और राकांपा (एपी) से मंत्री छगन भुजबल पालक मंत्री पद के लिए इच्छुक थे। इस विवाद के कारण पालक मंत्री नियुक्ति का फैसला टलता रहा।
रायगढ़ जिले के पालक मंत्री को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (एपी) के खींचतान जारी थी। शिंदे सेना के मंत्री भरत गोगावले और राकांपा कोटे से महिला व बाल कल्याण मंत्री अदिति तटकरे में जोरआजमाईश जारी थी। राज्य सरकार ने आखिरकार दोनों जिलों के लिए पालक मंत्रियों की नियुक्ति की घोषणा करके इस विवाद को सुलझा लिया है। अदिति का पत्ता कट गया है और गोगावले को रायगढ़ का पालक मंत्री नियुक्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

