home page

अमित शाह को गप्पी कहने वालों को पहले 2019 का इतिहास देखना चाहिए: एकनाथ शिंदे

 | 

मुंबई, 17 नवबंर (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उनकी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गप्पी बताने वालों को पहले 2019 के अपने इतिहास को देखना चाहिए। झूठे सपने दिखाकर महाराष्ट्र की 14 करोड़ जनता को धोखा दिया और सत्ता के लिए भाजपा के पीठ में छुरा घोंपने वाले आज दूसरों को गप्पी बता रहे हैं। असली गप्पी कौन है, यह महाराष्ट्र की जनता अच्छी तरह जानती है।

शिंदे ने कहा कि मोदी-शाह की बुराई करके सुर्खियों में बने रहने के बजाय परेशान किसानों की मदद करनी चाहिए। जब 2019 में शिवसेना-बीजेपी का गठबंधन हुआ था, तो लोगों को सिर्फ मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए गुमराह किया गया था। उन्होंने उसी भाजपा को धोखा दिया जिसके साथ उन्होंने चुनाव लड़ा था। उन्हें दूसरों को नैतिक शिक्षा देने का कोई अधिकार नहीं है। महाराष्ट्र के लोग भूले नहीं हैं और धोखे का यह इतिहास मिटेगा नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की हर दिन आलोचना करके मीडिया में नाम कमाना कुछ लोगों का काम बन गया है। कुछ लोगों की हालत ऐसी हो गई है कि उन्हें दिन भर मोदीजी और अमितभाई के अलावा कुछ नहीं दिखता। उन्हें मोदीफोबिया और अमित शाहफोबिया हो गया है। आरोप लगाने से असलियत नहीं बदलती।

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि जब किसान मुश्किल में हैं, तो उनकी मदद के लिए आगे आने के बजाय, राजनीति की जा रही है। क्या किसानों के खेतों पर जाने का ऐलान करने वालों ने एक भी बिस्किट दिया? किसानों के मुद्दों पर सभी को मिलकर काम करने की ज़रूरत है। उन्होंने एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार को घेरते हुए कहा कि किसी इंडस्ट्रियलिस्ट के साथ फोटो होना या उनके कार्यक्रम में जाना सपोर्ट नहीं है। फोटो के आधार पर आरोप लगाना गलत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार