लोकायुक्त सदस्यों को मिलेंगी लग्जरी गाड़ियां
मुंबई, 05 सिंतबर (हि.स.)। महाराष्ट्र लोकायुक्त इंस्टीट्यूट में नियुक्त चार नए सदस्यों के लिए राज्य सरकार ने 30 लाख रुपये की लागत में लग्जरी गाड़ियां खरीदने की मंजूरी दी है। सरकार को चार गाड़ियों की खरीद के लिए 1 करोड़ 20 लाख से अधिक खर्च करने होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है।
राज्य सरकार ने पिछले महीने महाराष्ट्र लोकायुक्त इंस्टीट्यूट बनाया था। पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव ओ. पी. गुप्ता, पूर्व पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला, ज्यूडिशियल मेंबर्स सुरेंद्र तावड़े और सुवर्णा केवले को सदस्य बनाया गया है। इन चारों ने 14 अगस्त को राजभवन में पद की शपथ ली थी। स्टेट व्हीकल रिव्यू कमिटी की मंजूरी के बाद, हर सदस्य के लिए 30 लाख तक की गाड़ियां खरीदने की इजाजत मिल गई है। इसके अलावा जीएसटी, मोटर व्हीकल टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस अलग से लगेगी। इस बीच लोकायुक्त कार्यालय के लिए मंजूर गाड़ियों की संख्या चार से बढ़ाकर सात कर दी गई है। सेक्रेटरी के लिए भी एक अलग गाड़ी को अनुमति दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

