home page

लोकायुक्त न्यायमूर्ति कानडे ने राज्यपाल को सौंपी 53 वीं वार्षिक रिपोर्ट

 | 

मुंबई, 16 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के लोकायुक्त न्यायमूर्ति वी. एम. कानडे ने लोकभवन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात कर उन्हें अपने कार्यालय की कार्यप्रणाली से संबंधित 53वीं वार्षिक समेकित रिपोर्ट प्रस्तुत की।

इस अवसर पर बताया गया कि महाराष्ट्र लोकायुक्त व उपलोकायुक्त अधिनियम, 1971 की धारा 12 की उपधारा (6) के तहत प्रस्तुत यह रिपोर्ट वर्ष 2025 के दौरान लोकायुक्त व उपलोकायुक्त के कार्यों का विवरण प्रस्तुत करती है। लोकायुक्त कार्यालय के अनुसार साल 2025 में कुल 8,547 नई शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 3,869 शिकायतें बिना हस्ताक्षर वाली या अन्य प्राधिकरणों को संबोधित आवेदनों की प्रतियां होने के कारण दर्ज नहीं की गईं। इस प्रकार वर्ष के दौरान कुल 4,678 नई शिकायतें विधिवत पंजीकृत की गईं।

वर्ष की शुरुआत में 4,287 मामले लंबित थे। इस प्रकार वर्ष 2025 में कार्रवाई के लिए कुल 8,965 मामले उपलब्ध रहे। इनमें से 4,885 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि वर्ष के अंत तक 4,080 मामले लंबित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार