home page

खरात मामले में मेरा नाम जोड़ना सही नहीं- केसरकर

 | 

मुंबई, 21 मार्च (हि.स.)। महिलाओं के यौन शोषण मामले में गिरफ्तार तथाकथित ज्योतिषी अशोक खरात को लेकर सूबे की राजनीति गरमाई हुई है. इस मामले में पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक दीपक केसरकर का नाम भी उछला है। हालांकि केसरकर ने सफाई दी है कि किसी कार्यक्रम में ली गई तस्वीर की वजह से इस मामले से उन्हें जोड़ना सही नहीं है।

खरात की जांच चल रही है। इस मामले को लेकर राज्य में काफी हलचल है। इस बीच, कई बड़े नेताओं के साथ खरात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक फोटो में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सांसद श्रीकांत शिंदे और केसरकर दिख रहे हैं। ,विपक्ष की ओर से केसरकर का नाम उठाए जाने के बाद उन्होंने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि खरात का काम बहुत ही घटिया है और वह इसकी निंदा करते हैं। सिर्फ उनकी पहचान या किसी कार्यक्रम में ली गई तस्वीर की वजह से इस मामले में उन्हें शामिल करना सही नहीं है।

केसरकर ने कहा कि अशोक खरात ईशान्येश्वर मंदिर के लिए सड़क बनाने पर बात करने के लिए एकनाथ शिंदे से मिलने आए थे। तभी उनकी जान-पहचान हुई और साथ में फोटो भी खिंचवाई गई। इस फोटो का गलत मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार