home page

5वीं मंजिल से लिफ्ट नीचे गिरी, 8 घायल

 | 
5वीं मंजिल से लिफ्ट नीचे गिरी, 8 घायल


मुंबई, 31 अक्टूबर, (हि. स.)। नालासोपारा पश्चिम के पाटणकर पार्क स्थित धनंजय एव्हेन्यू की सात मंजिला इमारत में पांचवीं मंजिल से नीचे आ रही लिफ्ट अचानक तेज रफ्तार से नीचे जा गिरी। शनिवार को हुए इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर रहवासी और वॉचमैन मौके पर पहुंचे और लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर पांचवीं मंजिल से नौ लोग लिफ्ट में सवार होकर नीचे आ रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का तार टूट गया और लिफ्ट तेजी से नीचे गिर गई। लोगों में चीख-पुकार सुनकर रहवासी और वॉचमैन मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। नालासोपारा पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंडे ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लिफ्ट का तार टूटने के कारण वह नीचे गिरी, जिसमें आठ लोग घायल हुए हैं। लिफ्ट में कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और पांच पुरुष घायल हुए हैं। पुलिस लिफ्ट की तकनीकी स्थिति, रखरखाव और सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार