home page

पुणे में सातवीं मंजिल से लिफ्ट गिरने से एक युवक की मौत, 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 30 मार्च (हि.स.)। पुणे जिले के तलेगांव दाभाड़े स्थित निसर्ग हाउसिंग सोसायटी में सोमवार सुबह सातवीं मंजिल से लिफ्ट गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद तलेगांव दाभाड़े पुलिस स्टेशन की टीम ने इस मामले में सोसायटी के चेयरमैन समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह पिंपरी-चिंचवड़ के तलेगांव दाभाड़े में निसर्ग हाउसिंग सोसायटी की सांतवीं मंजिल पर रहने वाला दिनेश सुरंगे लिफ्ट से नीचे आ रहा था। उसी समय लिफ्ट अचानक छठी और सातवीं मंजिल के बीच फंस गई। दिनेश खुद को बचाने के लिए चिल्लाया। सोसायटी के लोग लिफ्ट में फंसे दिनेश को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अचानक लिफ्ट के केबिल टूट गई। इससे लिफ्ट सीधे नीचे गिर गई। घायल दिनेश को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोसायटी के चेयरमैन पुंडलिक वारके समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

आरोप लगाया जा रहा है कि यह घटना सोसायटी कमिटी की लापरवाही की वजह से हुई। सोसायटी में रहने वाले लोगों ने बताया कि 'निसर्ग हाउसिंग सोसायटी की लिफ्ट पिछले कई दिनों से खराब थी। लिफ्ट ठीक से काम नहीं कर रही थी, नीचे या ऊपर जाते समय आवाज कर रही थी, लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव