एमटीएनएल की कैंटीन समेत 12 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित
मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) का मिलावट खोरों और गुटखा कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी है। एफडीए ने छापा मारकर बोरीवली स्थित राधा कृष्ण होटल और बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स स्थित एमटीएनएल की कैंटीन समेत 12 प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस निलंबित किए हैं।
एमटीएनएल की कैंटीन को लेकर बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें मिसल के अंदर मृत छिपकली मिलने का दावा किया गया था। हालांकि एफडीए की छापेमारी मेँ छिपकली का जिक्र नहीं है प्रतिष्ठानों की गंदगी के आधार पर ही संस्थानों का लाइसेंस निलंबित किया गया है। मुंबई में एफडीए ने खार पश्चिम के अन्नदाता आहार केंद्र, गिरगांव के हंसराजवादी स्थित न्यू इंग्लिश बेकरी, मजगांव स्थित सैंट फिलोमिना बेकरी, सायन कोलीवाड़ा के आनंद नगर स्थित blink कॉमर्श प्राइवेट लिमिटेड, बोरीवली पश्चिम स्थित राधा कृष्ण होटल, बीकेसी के एमटीएनएल के कैंटीन, कुर्ला के एलबीएस मार्ग स्थित सोडेस्को इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, गोवंडी में मौजूद शताब्दी अस्पताल की कैंटीन, दादर पश्चिम स्थित कोहिनूर हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट अप्लाइड ट्रेनिंग सेंटर, चेंबूर स्थित स्विंस्टा इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड और दादर पश्चिम स्थित फेवरेट टेक अवे जैसे खाद्य प्रतिष्ठानों की लाइसेंस को निलंबित किया है।
जिन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उनमें मुख्य रसोई में पानी जमा हुआ मिला और कचरे का डिब्बा बिना ढक्कन के था। ड्रेनेज सिस्टम खुला हुआ था और नालियों में ग्रीस ट्रैप और कॉकरोच ट्रैप नहीं लगे थे। कीड़े-मकोड़ों और हानिकारक जीवों के होने के निशान दिखे. खाना बनाने और परोसने वाले कर्मचारी बिना दस्ताने पहने काम कर रहे थे। फर्श, दीवारें और छत गंदे थे। पका हुआ खाना ढक कर नहीं रखा गया था। बर्तनों पर काले दाग दिखे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

