home page

दिंडोशी में तेंदुए की दहशत

 | 

मुंबई, 19 मार्च (हि.स.)। मुंबई के गोरेगांव पूर्व स्थित दिंडोशी इलाके में एक बार फिर तेंदुए ने दहशत मचा दी है। गोरेगांव फिल्म सिटी रोड पर स्थित 'रहेजा हाइट्स' परिसर में तेंदुए ने घुसकर एक कुत्ते का शिकार किया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल है।

बीते मंगलवार को तड़के हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक तेंदुआ खामोशी से सोसायटी के गेट के भीतर दाखिल होता दिखाई दे रहा है. तेंदुआ फुर्ती से वहां सो रहे एक लावारिस कुत्ते पर हमला करता है और उसे पलक झपकते ही दबोचकर अंधेरे में गायब हो जाता है। संजय गांधी नेशनल पार्क की सीमा से सटे होने के कारण इस इलाके में वन्यजीवों का आवाजाही कोई नई बात नहीं है। लेकिन रिहायशी सोसायटी के भीतर आकर शिकार करने से लोग चिंता में हैं। रहेजा हाइट्स और आस पास की अन्य सोसायटियों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। यह परिसर आईटी पार्क के बिल्कुल पास स्थित है जहां रात-दिन लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सुबह की सैर पर निकलने वाले वरिष्ठ नागरिक और नीचे खेलने वाले बच्चों के माता-पिता अब बाहर निकलने से घबरा रहे हैं।

घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है. वन विभाग की टीम ने पुष्टि की है कि तेंदुए अक्सर शिकार की तलाश में रिहायशी इलाकों की तरफ रुख करते हैं क्योंकि यहां उन्हें आसानी से कुत्ते या अन्य छोटे जानवर मिल जाते हैं. वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है. झाड़ियों की छंटाई करने और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की व्यवस्था की जा रह है। निवासियों का कहना है कि तेंदुए का इस तरह सोसायटी के भीतर घुसना उनकी सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है। सोसायटी प्रबंधन कमेटी ने सुरक्षा रक्षकों और निवासियों को सतर्क रहने व रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार