विधान परिषद चुनाव का कल फैसला
मुंबई, 26 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनावी नतीजे कल मंगलवार 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार ने अपना भाग्य आजमाया है। सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखी गई है।
चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के तहत उच्च सदन की 3 स्नातक और 2 शिक्षक सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग कराई गई थी। इसमें पुणे स्नातक व शिक्षक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजी नगर स्नातक और अमरावती शिक्षक सीट शामिल है। चुनाव में लगभग 72.96 प्रतिशत मतदान हुआ था। अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 92.25 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। पुणे शिक्षक- 85.86 प्रतिशत, नागपुर स्नातक- 64.82 प्रतिशत, पुणे स्नातक- 62.76 प्रतिशत और छत्रपति संभाजीनगर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 59.12 प्रतिशत वोटिंग प्रतिशत रहा।
पुणे शिक्षक सीट से कौस्तुभ गावडे (भाजपा), जयंत आसगांवकर (कांग्रेस), पूर्व विधायक दत्तात्रेय सावंत, सचिन सानप (निर्दलीय) सहित कुल 30 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। पुणे स्नातक सीट से डॉ. स्मिता जाधव (भाजपा), अरूण लाड (एनसीपी-एसपी) सहित कुल 47 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। नागपुर स्नातक सीट से सुधाकर कोहले (भाजपा). अभिजीत वंजारी (कांग्रेस) सहित कुल 38 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया है। छत्रपति संभाजी नगर स्नातक सीट से सतीश चव्हाण (एनसीपी- एपी), प्रतापसिंह पाटील (एनसीपी- एसपी), दिलीप घुगे (ठाकरे सेना) सहित कुल 41 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। अमरावती शिक्षक सीट से किरण सरनाईक (भाजपा), अदिति पोहरे (कांग्रेस), दत्तात्रय लहाने (ठाकरे सेना) और श्रीकांत देशपांडे सहित कुल 26 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है।
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

