home page

विधान परिषद का चुनाव प्रचार खत्म, शुक्रवार को वोटिंग

 | 

मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव का प्रचार बुधवार को समाप्त हो गया। शुक्रवार 23 अक्टूबर को मतदान कराए जाएंगे। इस चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी के बीच कड़ा मुकाबला है।

विधान परिषद की 3 स्नातक और 2 शिक्षक सीटों पर चुनाव होने हैं। चुनावी नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। पांच सीटों के चुनाव में कुल 182 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 10 लाख 68 हजार 72 वोटर हैं। चुनाव आयोग ने वोटिंग की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान के लिए 2419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। इसी तरह पुणे स्नातक सीट पर भाजपा और एनसीपी (एसपी) के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। हालांकि मंत्री उदय सामंत के करीबी सचिन सानप भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर डंटे हुए हैं। नागपुर स्नातक सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर एनसीपी (एपी) और एनसीपी (एसपी) का उम्मीदवार है। इस सीट से ठाकरे सेना ने भी अपना उम्मीदवार उतार ऱखा है। अमरावती शिक्षक सीट से शिंदे गुट के मौजूदा विधायक फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस का उम्मीदवार है। लेकिन ठाकरे सेना के उम्मीदवार ने भी चुनौती खड़ी कर रखी है।

छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट में 41 प्रत्याशी हैं और 842 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं. नागपुर स्नातक सीट में 38 उम्मीदवार हैं और 445 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। पुणे स्नातक में 47 उम्मीदवार हैं और 741 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। पुणे शिक्षक सीट में 30 प्रत्य़ाशी हैं और 310 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसी तरह अमरावती शिक्षक सीट पर कुल 26 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं और मतदान के लिए 81 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.

पुणे स्नातक चुनाव क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3 लाख 31 हजार 960 मतदाता हैं। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक चुनाव क्षेत्र में 3 लाख 27 हजार 961 वोटर हैं। नागपुर स्नातक सीट में 2 लाख 57 हजार 34 मतदाता, पुणे शिक्षक चुनाव क्षेत्र में 63 हजार 789 और अमरावती शिक्षक चुनाव क्षेत्र में 35 हजार 810 वोटर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार