विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवारों की तस्वीर साफ, महायुति-महाविकास आघाड़ी में बगावत
मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद के शिक्षक व स्नातक चुनाव क्षेत्र की 5 सीटों के चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन भरने की आखिरी तारीख थी। अब पांचों चुनाव क्षेत्रों में राजनीतिक लड़ाई की शुरुआती तस्वीर साफ हो गई है। सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास आघाड़ी दोनों गठबंधनों में बगावत देखी जा रही है।
सत्तारूढ़ भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) व एनसीपी (एपी) और विपक्षी महाविकास आघाड़ी के घटक दल कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) व एनसीपी (एपी) ने उम्मीदवार उतारे हैं। कुछ जगहों पर सहयोगी दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ नामांकन भरा है। इससे महायुति और महाविकास आघाड़ी में अंदरूनी खींचतान जारी है। खासकर पुणे शिक्षक, पुणे स्नातक और नागपुर स्नातक चुनाव क्षेत्रों में महायुति के उम्मीदवारों के बीच टकराव की तस्वीर दिख रही है। इस बीच अमरावती शिक्षक और संभाजीनगर स्नातक चुनाव क्षेत्रों में गठबंधन में शामिल पार्टियों की निर्दलीय उम्मीदवारी के कारण चुनावी समीकरण उलझ गए हैं। भाजपा ने पुणे शिक्षक चुनाव क्षेत्र में कौस्तुभ गावड़े को मैदान में उतारा है। कांग्रेस के जयंत आसगांवकर फिर से मैदान में हैं। वहीं शिवसेना के मंगेश चिवटे के नामांकन दाखिल करने के बाद महायुति में वोटों के बंटवारे का मुद्दा चर्चा में आ गया है।
पुणे स्नातक में एनसीपी (एसपी) की हर्षदा देशमुख-जाधव, भाजपा की स्मिता जाधव के खिलाफ मैदान में हैं। शिवसेना से सचिन सानप और भाजपा से जुड़े शरद लाड की उम्मीदवारी भी इस चुनाव क्षेत्र के अंदरूनी समीकरणों की वजह से चर्चा में आ गई है। नागपुर स्नातक सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के सुधाकर कोहली और कांग्रेस के अभिजीत वंजारी के बीच है। भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सोले ने भी अपना पर्चा दाखिल किया है। इससे भाजपा के लिए अंदरूनी चुनौती खड़ी हो गई है।
अमरावती शिक्षक चुनाव क्षेत्र में कांग्रेस की अदिति पोहरे, ठाकरे गुट के दत्तात्रेय लहाने और शिवसेना की किरण सरनाईक समेत कई उम्मीदवार मैदान में हैं। शिवसेना के पूर्व विधायक श्रीकांत देशपांडे समेत दूसरे उम्मीदवारों ने भी नामांकन भरा है। इसलिए यहां कई एंगल से मुकाबला होने की तस्वीर है। संभाजीनगर स्नातक में एनसीपी (एपी) के सतीश चव्हाण और ठाकरे गुट के दिलीप घुगे के साथ भाजपा के एम. के. देशमुख और एनसीपी (एसपी) के प्रतापसिंह पाटिल की उम्मीदवारी की वजह से मुकाबला रोचक हो गया है।
नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 7 अक्टूबर को होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी। उम्मीदवारों की आखिरी संख्या उसके बाद ही तय होगी। वोटिंग 23 अक्टूबर को होगी और वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।
पांच सीटों के उम्मीदवार
पुणे शिक्षक सीट: भाजपा - कौस्तुभ गावड़े; कांग्रेस - जयंत आसगांवकर; शिवसेना शिंदे गुट - मंगेश चिवटे; निर्दलीय - सचिन सानप और अन्य उम्मीदवार
पुणे स्नातक सीट: भाजपा - स्मिता जाधव; एनसीपी (एसपी) - हर्षदा देशमुख-जाधव; शिवसेना शिंदे गुट - सचिन सानप; शरद लाड और अन्य उम्मीदवार
नागपुर स्नातक सीट: भाजपा - सुधाकर कोहले; कांग्रेस - अभिजीत वंजारी; अन्य उम्मीदवारों में भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सोले शामिल हैं।
अमरावती शिक्षक सीट: कांग्रेस – अदिति पोहरे; ठाकरे गुट – दत्तात्रेय लहाने; शिवसेना शिंदे गुट – किरण सरनाईक; श्रीकांत देशपांडे, दिलीप कडू और अन्य प्रत्य़ाशी
संभाजीनगर स्नातक सीट: एनसीपी (एपी) – सतीश चव्हाण; ठाकरे गुट – दिलीप घुगे; भाजपा – एम. के. देशमुख; एनसीपी (एसपी) – प्रतापसिंह पाटिल और अन्य कैंडिडेट
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

