'वृक्ष संजीवनी' मुहिम का शुभारंभ
मुंबई, 1 अप्रैल (हि.स.)। बीएमसी ने 'वृक्ष संजीवनी' अभियान का शुभारंभ बुधवार 1 अप्रेल से कर दिया है। यह मुहिम 30 अप्रैल तल चलेगी. जिसमें पेड़ों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया जाएगा। मुंबई के उपमहापौर संजय घाड़ी ने दहिसर के अशोकवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस अभियान की शुरूआत की।
यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुरू किया गया है, जो मुंबई में पूरे अप्रैल महीने में चलेगा। हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने का प्रय़ास किया जाएगा। इसके तहत महानगर में पेड़ों को बचाने और उनकी सुरक्षा के मकसद से कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पेड़ों के आसपास जमा सीमेंट-कंक्रीट को हटाकर उसकी जगह ढीली लाल मिट्टी डाली जाएगी। पेड़ों के तनों पर लगी कीलें, विज्ञापन बोर्ड, रस्सी और केबल हटाने और पैदल चलने वालों को रोकने वाली डालियों को काटने के उपाय किए जाएंगे। इसमें पेड़ों के तनों को गेरू-चूना लगाकर बचाने का काम भी शामिल है।
इस मौके पर शिवसेना की उपनेता संजना घाडी, ‘आर उत्तर विभाग के सहायक उद्यान अधीक्षक नीलेश धनावड़े, पूर्व टेस्ट खिलाड़ी सुरेश नायक और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। अशोकवन के मुंबई पब्लिक स्कूल के छात्रों ने पेड़ बचाने पर एक पब्लिक अवेयरनेस गाना पेश किया। उन्होंने अलग-अलग पोस्टर के ज़रिए लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

