मुंबई-पुणे रेल रूट पर भूस्खलन, कई ट्रेनें रद्द
मुंबई 09 जुलाई (हि.स.)। मुंबई, कोंकण और पुणे में पिछले दिनों हुई भारी बारिश की वजह से लोनावला–कर्जत रेलखंड पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। इससे लंबी दूरी की कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
मध्य रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार लैंडस्लाइड की घटना के कारण दो दिन पहले रेलवे सर्विस में रुकावट आई थी। रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। मध्य रेलवे ने 10 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक इस रूट पर चलने वाली कई रेगुलर और स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का फैसला किया है। इनमें डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, पुणे-सीएसएमटी, इंटरसिटी, सीएसएमटी-हैदराबाद एक्सप्रेस, हुबली-दादर एक्सप्रेस, दौंड-इंदौर एक्सप्रेस और चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल शामिल हैं। इसके अलावा, महालक्ष्मी एक्सप्रेस, दादर-सातारा, दादर-साईं नगर शिरडी ट्रेन अलग-अलग तारीखों पर कैंसिल की गई हैं। इसके अलावा सीएसएमटी-गोरखपुर, पुणे-गोरखपुर, पुणे-गाजीपुर सिटी और पुणे-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेनें भी संबंधित तारीखों पर कैंसिल कर दी गई हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले रेलवे हेल्पलाइन या एनटीईएस ऐप पर चल रही जानकारी अवश्य देखें। साथ ही सेंट्रल रेलवे के अधिकृत सोशल मीडिया चैनल पर भी ताजा जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ट्रेनों के परिचालन संबंधी जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं अथवा एनटीईएस ऐप पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा रही है। रेल मार्ग की बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मध्य रेलवे की टीमें चौबीसों घंटे कार्य कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

