जल्द मिलेगी लाडली बहनों को दो महीने की किस्त
मुंबई, 24 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार की महत्वाकांक्षी लाडली बहना योजना की दो महीने की किस्त जल्द लाभार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाएगी। पात्र 'लाडली बहनों' के खाते में जनवरी और फरवरी महीने की रुकी हुई किस्त का पैसा जमा किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 98.25 करोड़ रुपयो का प्रबंध किया है।
राज्य में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों की आचार संहिता के कारण पैसों के भुगतान में विलंब हुआ था। अब राज्य सरकार ने फंड प्रबंध कर लिया है। सामाजिक न्याय विभाग के खाते से 98.25 करोड़ रुपए महिला एवं बाल कल्याण विभाग को हस्तांतरित कर दिए गए हैं। जल्द ही पात्र महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1,500 रुपए के हिसाब से राशि जमा की जाएगी।
जिन महिलाओं के आवेदन केवाईसी में गड़बड़ी के कारण अटके हुए हैं, उन्हें सरकार ने जानकारी अपडेट करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। ऐसी महिलाओं से तुरंत अपनी केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। इस योजना के लिए वे महिलाएं पात्र मानी जाएंगी, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से कम है और परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

