केईएम अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस निलंबित, एफडीए की कार्रवाई
मुंबई, 18 जुलाई (हि.स.)। अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने परेल स्थित केईएम अस्पताल की कैंटीन पर बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और अस्वच्छता के कारण कैंटिन का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
एफडीए ने कैंटीन का संचालन भी तुरंत बंद करने का आदेश जारी किया है। एफडीए के टीम ने कैंटिन का निरीक्षण करने के बाद यह कार्रवाई की है। एफडीए के अनुसार एम/एस स्टैनी कैटरर्स द्वारा संचालित यह कैंटीन पुराने नर्सेस होम भवन के भूतल पर संचालित हो रही थी। जांच में पाया गया कि परिसर में अस्वच्छ वातावरण और खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम और उससे जुड़े नियमों के कई उल्लंघन हो रहे थे। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के आदेश के बाद राज्यभर में होटल, रेस्तरां, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दिनों पारसी डेयरी फार्म का लाइसेंस निलंबित किया गया था। वहीं केईएम अस्पताल के कैंटीन मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने 'स्टॉप बिजनेस नोटिस' जारी किया, जबकि नामित अधिकारी ने कैंटीन का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जांच के दौरान प्रयोगशाला परीक्षण के लिए चार खाद्य नमूने लिए गए हैं। इनमें चावल, मिश्रित दाल की सब्जी, कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाला काबुली चना और रिफाइंड सूरजमुखी तेल शामिल हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

