नालासोपारा में अभियान और जय ओम सेवा संस्था का कजरी महोत्सव, गीतों पर झूमे लोग
मुंबई, 4 अगस्त, (हि. स.)। अभियान सामाजिक सांस्कृतिक संस्था और जय ओम सेवा संस्था की ओर से सेंट ल्यूक्स इंग्लिश हाई स्कूल, दुबे कंपाउंड, बिलाल पाड़ा, नालासोपारा पूर्व में कजरी महोत्सव का आयोजन किया गया। अतिथि के तौर पर मौजूद बोईसर के विधायक विलास तरे ने शामसुंदर दुबे और पूरे दुबे परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलन करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया। सोमवार देर शाम तक चले महोत्सव में लोक गायिका संजोली पांडे के मधुर गीतों पर श्रोता झूम उठे। भोजपुरी कजरी के साथ-साथ संजोली ने मराठी गीत भी गाए। इसके साथ ही भगवान शंकर की स्तुति गाकर कार्यक्रम को शिवमय बना लिया। रोलर स्केटिंग के खेल के लिए मशहूर वॅलेरी लोबो को स्त्री शक्ति सम्मान दिया गया। उनकी गैरमौजूदगी में उनके पिता विक्टर लोबो ने कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अमरजीत मिश्रा के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। भाजपा के युवा नेता अमित ओमप्रकाश दुबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने इस महोत्सव में हिस्सा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

