home page

कदम ने अजित प्लेन क्रैश मामले में तटकरे का हाथ होने का लगाया आरोप, जांच की मांग

 | 

मुंबई, 09 नवंबर (हि.स.)। एनसीपी (एपी) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ नेता रामदास कदम के बीच विवाद फिर बढ़ गया है। तटकरे की राजनीतिक भूमिका पर संदेह जताते हुए कदम ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के हवाई जहाज हादसे मामले में तटकरे की भूमिका की जांच की मांग की है। कदम के बयान ने सत्ताधारी महायुति में चल रही अंदरूनी कलह को सामने ला दिया है।

तटकरे की आलोचना करते हुए कदम ने कहा कि तटकरे किसी के स्थाई समर्थक नहीं हो सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह पूर्व मुख्यमंत्री अंतुले के पीए थे, तब भी उन्होंने उनके खिलाफ स्टैंड लिया था। उन्होंने खुद तटकरे के चुनाव में कड़ी मेहनत की थी। उस समय कई लोगों ने चेतावनी दी थी कि यह आदमी भविष्य में किसी का नहीं होगा। उन्होंने तटकरे पर अपने पुत्र योगेश कदम को विधानसभा चुनाव में हराने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। कदम ने दावा किया कि महायुति हम साथ है, फिर भी तटकरे ने गुहागर में शिवसेना (उबाठा) के नेता भास्कर जाधव की मदद की थी।

कदम ने कोंकण में डैम के काम को लेकर तटकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि 16 डैम के काम में करीब 70 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप थे। कदम ने इसके लिए तटकरे को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पोयनाल डैम का काम वर्षों से अधूरा होने की वजह से 14 गांवों के लोग पानी से वंचित हैं। भाजपा का समर्थन करने के बाद ये आरोप वापस ले लिए गए।

कदम ने तटकरे की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की आलोचना करते हुए दावा किया कि तटकरे खुद उपमुख्यमंत्री बनने की चाहत रखते थे। वे बहुत महत्वाकांक्षी आदमी हैं और कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने मांग की कि अजित पवार के हवाईजहाज हादसे मामले में तटकरे की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने इन गंभीर आरोपों को साबित करने के लिए कोई सबूत पेश नहीं किए हैं।

कदम के आरोपों से महायुति के दोनों घटक दलों एनसीपी (एपी) और शिंदे सेना के बीच तनाव बढ़ गया है। एनसीपी के नेताओं ने कदम पर पलटवार किया है। पार्टी विधायक अनिल पाटिल ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि कदम सिर्फ पब्लिसिटी पाने और राज नेताओं को बदनाम करने के लिए ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं। नेताओं को बोलते समय अपनी पोजीशन और प्लेटफॉर्म का ध्यान रखना चाहिए। अगर तटकरे के खिलाफ आरोपों में सच्चाई है, तो निश्चित रूप से जांच होनी चाहिए। हालांकि, किसी को खुश करने के लिए आरोप लगाना गलत है। महायुति कोऑर्डिनेशन कमेटी ने किसी को भी ऐसे बयान देने के लिए नहीं कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार