home page

आशा भोसले के नाम से दिया जाएगा जीवन गौरव पुरस्कार

 | 

मुंबई, 02 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने सूरसम्राज्ञी लता मंगेशकर जीवन गौरव पुरस्कार की तर्ज पर ही अब संगीत के क्षेत्र में सूरसम्राज्ञी आशा भोसले जीवन गौरव पुरस्कार देने का बड़ा फैसला लिया है। यह एलान गुरुवार को सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने विधानसभा में की।

इस पुरस्कार उन कलाकारों को दिया जाएगा, जिन्होंने लंबे समय तक गायन और संगीत क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। इस पुरस्कार में चयनित पुरस्कार विजेता को 10 लाख रुपये नकद, एक शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के लिए पात्रता की क्राइटेरिया तय करने और अवॉर्ड पाने वालों को चुनने के लिए गायन और संगीत क्षेत्र के विशेषज्ञों की एक समिति बनाई जाएगी। यह पुरस्कार हर साल 8 सितंबर के आस-पास आशा भोसले के जन्मदिन के मौके पर दिया जाएगा।

मंत्री शेलार ने बताया कि इसका उद्देश्य उन वरिष्ठ और जाने-माने कलाकारों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गायन और संगीत के क्षेत्र में लगा दिया। महाराष्ट्र में संगीत, थिएटर, लिटरेचर, फ़िल्म, लोक कला और विभिन्न सांस्कृतिक क्षेत्रों की एक समृद्ध परंपरा है। राज्य के कई जाने-माने कलाकारों ने भारतीय संगीत के विकास में बहुमूल्य योगदान दिया है। इन कलाकारों की वजह से महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है। आशा भोसले भारतीय संगीत क्षेत्र में एक अमर और असाधारण शख्सियत हैं। उन्होंने आठ दशकों से ज़्यादा समय तक अलग-अलग भारतीय भाषाओं में गाकर संगीत के क्षेत्र में एक बेमिसाल योगदान दिया है। उन्होंने अपनी गायकी से भारतीय संगीत को दुनिया भर में पहचान दिलाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार