जय पवार ने माना कांग्रेस का आभार
मुंबई, 09 अप्रैल (हि.स.)। बारामती विधानसभा सीट के उपचुनाव से कांग्रेस के नामांकन पत्र वापस लेने के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के बेटे जय पवार ने कांग्रेस का आभार माना है।
जय पवार ने कांग्रेस को धन्यवाद देते हुए कहा कि अजित पवार ने सभी पार्टियों के साथ काम किया। राज्य में एकता की परंपरा जारी रहेगी। इस चुनाव में मां सुनेत्रा पवार को एक लाख से ज़्यादा वोट मिलेंगे। गुरुवार को नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख थी। कांग्रेस के बाद बारामती में 56 में से 30 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं.
कांग्रेस से उम्मीदवारी वापस लेने का अनुरोध सुनेत्रा पवार ने किया था. इसके अलावा मुख्यमंत्री फडणवीस, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे ने भी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को फोन कर यही अनुरोध किया था। गुरुवार की सुबह में एनीसीपी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने गांधी भवन जाकर सपकाल से मुलाकात कर उम्मीदवारी वापस लेने की अपील की था। एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने भी मुलाकात कर यही आग्रह किया था। एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी फोन किया था और शरद पवार ने भी यही भावना व्यक्त की थी। सुनेत्रा पवार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी बातचीत की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

